हिन्दी / Hindi

हिन्दी काव्य में प्रकृति-चित्रण | हिन्दी कविता में प्रकृति-चित्रण

हिन्दी काव्य में प्रकृति-चित्रण | हिन्दी कविता में प्रकृति-चित्रण

हिन्दी काव्य में प्रकृति-चित्रण

प्रकृति मानव की आदिम सहचरी है। मानव ने जब आँखें खोली होंगी तो स्वयं को प्रकृति की सुरम्य गोद में ही पाया होगा। प्रकृति मानव के क्रिया-कलापों की चित्रमयी रंगस्थली है, जिसके बिना मानव-जीवन का नाटक अधूरा ही रह जाता है। भारत प्रकृति-नटी का सुरम्य क्रीडास्थल है। यहाँ की दुग्ध-धवल चाँदनी, चिलचिलाती धूप, रिमझिम बरसती हुई वर्षा, सरसराती हुई शरद् तथा पीत साड़ी से सुशोभित वसन्त-वधू अपने सौन्दर्य से मानव-मन को विमोहित और विमुग्ध करती रही है।

प्रकृति में देवत्व भाव की प्रतिष्ठा-

प्रकृति के नित्य बदलते रूपों ने मानव-मन को एक ओर जिज्ञासा से तो दूसरी ओर आश्चर्य-भावना से भर दिया है। धीरे-धीरे वह अपनी सहचरी प्रकृति के शिव रूप अर्थात् कल्याणकारी रूप की ओर उन्मुख हुआ। उसने समुद्र, जलद, पर्वत, सूर्य, वायु आदि प्रकृति के विभिन्न अंगों में निहित मंगलकारी शक्ति का अनुभव किया। प्रकृति के मंगलमय उपादानों से मानव इतना अधिक प्रभावित हुआ कि उसने इन सभी में देवत्व की प्रतिष्ठा कर ली और इन्हें वायु, सूर्य, वरुण, चन्द्र आदि देवताओं के रूप में प्रतिष्ठित कर उनके यश का गान करने लगा।

साहित्य में प्रकृति-चित्रण- 

संस्कृत-साहित्य में प्रकृति के सुरम्य रूप का चित्रण किया गया है। वाल्मीकि, कालिदास, भवभूति, माघ आदि कवियों का काव्य प्रकृति के सुन्दरतम चित्रों से परिपूर्ण है! वाल्मीकि के राम और भवभूति की सीता तो प्रकृति के साथ आत्मीयतापूर्ण सम्बन्ध का अनुभव करते हैं।

हिन्दी-साहित्य के विभिन्न कालों में प्रकृति विविध रूपों में चित्रित की गई है-

(क) वीरगाथाकाल में प्रकृति-चित्रण- 

वीरगाथाकाल के काव्य में वीरपूजा की भावना विशेष रूप से विद्यमान है, फिर भी इस काल के काव्य में कहीं-कहीं मानवीय भावनाओं की पृष्ठभूमि के रूप में प्रकृति का चित्रण भी किया गया है। नरपति नाल्ह के बीसलदेव रासो’, चन्दबरदाई के ‘पृथ्वीराज रासो’, जगनिक के ‘आल्हाखण्ड’ में यत्र-तत्र प्रकृति के दर्शन हुए हैं। किन्तु इन कवियाँ में नाम गिनाने की प्रवृत्ति अधिक है, हृदयगत उत्साह और मानसिक उल्लास का इनके काव्य में सर्वथा अभाव है। विद्यापति ने अपने काव्य में प्रकृति से अनेक उपमान ग्रहण किए और उसका उद्दीपन रूप में चित्रण भी किया।

(ख) भक्तिकाल में प्रकृति-चित्रण-

भक्तिकाल में अधिकांश कवियों ने प्रकृति के माध्यम से भक्ति-भावना का प्रचार किया।

ज्ञानाश्रयी शाखा के अधिकांश कवि वैरागी थे। वे प्रकृति के शोभन अथवा अशोभन दृश्यों के प्रति अधिक आकर्षित नहीं हुए। इस शाखा के कबीर, नानक, दादू आदि सन्तकवियों ने प्रायः प्रकृति का आलम्बन रूप में वर्णन किया। कबीर ने कहीं-कहीं अन्योक्तियों में प्रकृति को माध्यम  बनाया है। उदाहरणार्थ-कबीर ने अपनी निम्नलिखित पंक्तियों में नलिनी के माध्यम से आत्मा और ब्रह्म का चित्रण किया है-

काहे री नलिनी तू कुम्हिलानी, तेरे ही नाल सरोवर पानी।

जल में उतपति जल में वास, जल में नलिनी तोर निवास।।

महाकवि तुलसी के काव्य में प्रकृति उपदेशक बनकर उपस्थित हुई है। उन्होंने प्राकृतिक दृष्टान्तों के माध्यम से नीति और जन-कल्याण पर आधारित अनेक उपदेश दिए हैं। वर्षा-वर्णन में उनकी यही भावना मुखर हो उठी है-

केशव के काव्य में प्रकृति प्रायः उद्दीपन और अलंकरण के लिए चित्रित हुई है। प्रकृति, वियोगी राम के मानसिक और शारीरिक दोनों प्रकार के तापों को बढ़ाती प्रतीत होती है-

हिमांशु सूर सो लगै, सो वात-वज्र सी बहै।

दिशा लगै कृशानु ज्यों, विलेप अंग को दहै।

विशेष कालराति सो, कराल राति मानिए।

वियोग सीय को न काल, लोकहार जानिए।

(ग) रीतिकाल में प्रकृति-चित्रण-

रीतिकाल में प्रकृति का प्रयोग उद्दीपन के रूप में किया गया है। रीतिकालीन कवियों के प्रकृति-वर्णन में उन्माद और तीव्रता के दर्शन होते हैं। वे उसके माध्यम से नायक-नायिका के सहज-स्वाभाविक सौन्दर्य का मनोहारी वर्णन करना चाहते थे। इसके अतिरिक्त अलंकार-निरूपण तथा उक्ति-वैचित्र्य के लिए भी प्रकृति का वर्णन किया गया है।

रीतिकालीन कवियों में सेनापति ने प्रकृति का आलम्बन रूप में वर्णन करके अपने सूक्ष्म निरीक्षण का परिचय दिया है। सेनापति ने रीतिकाल के अन्य कवियों के समान प्रकृति के सौम्य रूप के साथ-साथ उसकी प्रचण्डता का भी स्वाभाविक वर्णन किया है। ग्रीष्म के एक चित्र का वर्णन इस प्रकार है-

वृष कौं तरनि तेज सहसौ किरन करि,

ज्वालन के जाल विकराल बरसत हैं।

तचति धरनि जग जरत झरनि सीरी,

छाँह कौं पकरि पंथी-पंछी बिरमत हैं।।

(घ) आधुनिककाल में प्रकृति-चित्रण-

आधुनिककाल में भारतेन्दु हरिश्चन्द्र, अयोध्यासिंह उपाध्याय ‘हरिऔध’, श्रीधर पाठक, मैथिलीशरण गुप्त, पं0 रामनरेश त्रिपाठी के साथ-साथ छायावादी युग के अनेकानेक कवियों ने प्रकृति का विविध रूपों में चित्रण किया है।

कवि श्रीधर पाठक ने प्रकृति की नैसर्गिक सुषमा को वधू का रूप प्रदान करते हुए लिखा है-

काँस-से फूले दुकूल खिले अरबिन्दन में मुख सुन्दरताई।

बोलन मत्त मरालन की कल नूपुर करि करिहैं समताई।

हरिऔधजी ने प्रकृति में मानवीय गुणों का आरोप इस प्रकार किया है-

चिन्ता की-सी कुटिल उठतीं अंक में जो तरंगें।

वे थीं मानो प्रकट करतीं भानुजा की व्यथाएँ।

छायावादी कवियों में पन्तजी प्रकृति के सुकुमार कवि कहे जाते हैं। उनकी सूक्ष्म दृष्टि ने प्रकृति के प्रत्येक अंग का चित्रण किया है। उन्होंने शरद् की चन्द्र-ज्योत्स्ना को सोती हुई नायिका के रूप में चित्रित किया है-

नीले नभ के शतदल पर वह बैठी शरद हासिनी।

मृदु करतल पर शशि मुख धर नीरव अनिमिष एकाकिनी।।

रीतिकालीन कवि देव भी प्रकृति के सुन्दर रूप पर मोहित हुए हैं। कहीं-कहीं वे इतने अधिक मुग्ध हो गए हैं कि उन्होंने प्रकृति के विविध रूपों एवं क्रियाकलापों का अद्भुत दृश्य उपस्थित कर दिया है।

अन्य रीतिकालीन कवियों में भूषण, मतिराम, पद्माकर, बेनी आदि ने भी प्रकृति के सुरम्य रूप की झांकियाँ प्रस्तुत की हैं।

प्रसादजी ने ऊषा को पनघट पर पानी भरनेवाली नारी के रूप में चित्रित किया है-

बीती विभावरी जाग री।

अम्बर पनघट में डुबो रही

ताराघट ऊषा नागरी।

खग-कुल कुल-कुल-सा बोल रहा,

किसलय का अंचल डोल रहा,

लो यह लतिका भी भर लाई

मधु मुकुल नवल रस-गागरी।

महादेवी वर्मा ने प्रकृति पर मानवीय अनुभूतियों और क्रियाओं का आरोप किया है। उनकी ‘वसन्त-रजनी’ सुन्दर वस्त्राभूषणों से सुसज्जित होकर क्षितिज से धीरे-धीरे अवतरित हो रही है-

धीरे-धीरे उतर क्षितिज से, आ बसन्त रजनी।

तारकमय नव वेणी बन्धन, शीशफूल कर शशि का नूतन।

रश्मिवलय सित घन अवगुण्ठन, पुलकती आ वसन्त रजनी।

इस प्रकार आधुनिक कवियों ने प्रकृति में मानवीय भावनाओं का आरोपण करते हुए, उसका चित्रण मनोवैज्ञानिक आधार पर किया है।

उपसंहार–वर्तमान समय की संघर्षपूर्ण स्थितियों, स्वस्थ मन के अभाव, शोषित वर्ग के प्रति संवेदना की अभिव्यक्ति तथा जीवन की कृत्रिमता और यान्त्रिकता के कारण प्रकृति काव्य से ओझल होती जा रही है। किन्तु फिर भी स्वभाव से प्रकृति-प्रेमी मानव, प्रकृति से पूर्णरूपेण सम्बन्ध विच्छेद कर पाने में असफल ही रहा है। यही कारण है कि आज भी किसी-न-किसी रूप में, किसी-न-किसी रचनाकार के द्वारा प्रकृतिजन्य अनुभूतियों को मुखरित किया ही जा रहा है।

हिन्दी – महत्वपूर्ण लिंक

Disclaimer: sarkariguider.com केवल शिक्षा के उद्देश्य और शिक्षा क्षेत्र के लिए बनाई गयी है। हम सिर्फ Internet पर पहले से उपलब्ध Link और Material provide करते है। यदि किसी भी तरह यह कानून का उल्लंघन करता है या कोई समस्या है तो Please हमे Mail करे- sarkariguider@gmail.com

About the author

Kumud Singh

M.A., B.Ed.

Leave a Comment

(adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({});
close button
(adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({});
(adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({});
error: Content is protected !!