कवि-लेखक / poet-Writer

अयोध्यासिंह उपाध्याय ‘हरिऔध’ (Ayodhya Prasad Upadhyay)

अयोध्यासिंह उपाध्याय ‘हरिऔध’ (Ayodhya Prasad Upadhyay)

जीवन-परिचय

अयोध्यासिंह उपाध्याय ‘हरिऔध’ जी का जन्म आजमगढ़ जिले के निजामाबाद गाँव में सन् 1865 ई० (संवत् 1922) में हुआ था। उनके पिता का नाम पं० भोलासिंह और माता का नाम रुक्मिणी देवी था। उनके पूर्वज शुक्ल-यजुर्वेदी सनाढ्य ब्राह्मण थे, जो कालान्तर में सिक्ख हो गए थे। मिडिल परीक्षा उत्तीर्ण करने के पश्चात् उन्होंने काशी के क्वीन्स कॉलेज में प्रवेश लिया, किन्तु अस्वस्थता के कारण उन्हें बीच में ही अपना विद्यालयीय अध्ययन छोड़ देना पड़ा। तत्पश्चात् उन्होंने घर पर ही फारसी, अंग्रेजी और संस्कृत भाषाओं का अध्ययन किया सत्रह वर्ष की अवस्था में उनका विवाह हुआ। कुछ वर्ण तक उन्होंने निजामाबाद के तहसीली स्कूल में अध्यापन-कार्य किया। बाद मे 20 वर्ष तक कानूनगो के पद पर कार्य किया। कानूनगो पद से अवकाश प्राप्त करके हरिऔधजी ने ‘काशी हिन्दू विश्वविद्यालय’ में अवैतनिक रूप से अध्यापन कार्य किया। हरिऔधजी के जीवन का ध्येय अध्यापन ही रहा। उनका जीवन सरल, विचार उदार और लक्ष्य महान् था सन् 1947 ई० (संवत् 2004) में अपार यश प्राप्त कर हरिऔध जी ने अपना नश्वर शरीर त्याग दिया।

 

साहित्यिक व्यक्तित्व

अयोध्यासिंह उपाध्याय ‘हरिऔध’ द्विवेदी युग के प्रतिनिधि कवि एवं गद्य-लेखक थे। हरिऔधजी पहले ब्रजभाषा में कविता किया करते थे। आचार्य महावीरप्रसाद द्विवेदी ने उन्हें खड़ीबोली में काव्य-रचना की प्रेरणा दी। इसलिए आगे चलकर उन्होंने खड़ीबोली में काव्य-रचना की और हिन्दी काव्य को अपनी प्रतिभा का अमूल्य योगदान दिया।

अयोध्यासिंह उपाध्याय ‘हरिऔध’ जी काव्य को लोकहित एवं मानव-कल्याण के प्रेरकीय साधन के रूप में स्वीकार करते थे। वे कविता को ईश्वर-प्रदत्त अलौकिक वरदान समझकर काव्य-रचना करते थे; इसलिए उनके काव्य में सर्वमंगल का स्वर मुखरित होता है। उनके काव्य में पौराणिक एवं आधुनिक समाज के ख्यातिप्राप्त लोकनायक-नायिकाओं को प्रतिनिधि स्थान प्राप्त हुआ है। भावुकता के साथ ही मौलिकता को प्रश्रय देनेवाले हरिऔधजी की एक अन्य विशेषता काव्यात्मक विषयों की विविधता भी रही है। इसी कारण उगके काव्य में भक्तिकाल, रीतिकाल एवं आधुनिक काव्य के उज्ज्वल पहलुओं का समावेश हुआ है।

हिन्दी-साहित्य सम्मेलन ने उनकी काव्यकृति ‘प्रियप्रवास’ पर ‘मंगलाप्रसाद पारितोषिक’ प्रदान किया। तत्पश्चात् उन्हें ‘कवि सम्राट्’ एवं ‘साहित्य वाचस्पति’ की उपाधियों से भी सम्मानित किया गया। हरिऔधजी की साहित्यिक सेवाओं का ऐतिहासिक महत्त्व है वे हिन्दी – साहित्य की एक महान् विभूति के रूप में सदैव स्मरण किए जाएँगे।

 

कृतियाँ

खड़ीबोली को काव्य-भाषा के पद पर प्रतिष्ठित करनेवाले कवियों में अयोध्यासिंह उपाध्याय ‘हरिऔध’ जी का नाम अत्यधिक सम्मान के साथ लिया जाता है। उनकी प्रमुख रचनाएँ इस प्रकार हैं-

(क ) नाटक- ‘प्रद्युम्न-विजय’ तथा ‘रुक्मिणी-परिणय।

(ख) उपन्यास- अयोध्यासिंह उपाध्याय ‘हरिऔध’ जी का प्रथम उपन्यास ‘प्रेमकान्ता’ है। ‘ठेठ हिन्दी का ठाठ’ और ‘अरधखिला फूल प्रारम्भिक प्रयास की दृष्टि से उल्लेखनीय हैं।

(ग) काव्य ग्रंथ- वस्तुत; अयोध्यासिंह उपाध्याय ‘हरिऔध’ जी की प्रतिभा का विकास एक कवि के रूप में अधिक छोटे – बड़े काव्यों की रचना की। उनके प्रमुख काव्य-ग्रन्थ इस प्रकार हैं-

(1) प्रियप्रवास- यह विप्रलम्भ शृंगार पर आधारित महाकाव्य है। इसके नायक व नायिका शुद्ध मानव-रूप में सामने आए है। नायक श्रीकृष्ण लाक-संरक्षण तथा विश्व-कल्याण की भावना से परिपूर्ण मनुष्य हैं।

(2) रस-कलश- इसमें अयोध्यासिंह उपाध्याय ‘हरिऔध’ जी की आरम्भिक स्फुट कविताएँ संकलित हैं। ये कविताएँ श्रृंगारप्रधान हैं तथा काव्य-सिद्धान्त-निरूपण के लिए लिखी गई हैं।

(3) चोखे चौपदे तथा चुभते चौपदे- इसमें खड़ीबोली पर आधारित मुहावरों का सौन्दर्य दर्शनीय है। इन मुहावरों में लौकिक जगत् की झलक मिलती है।

(4) वैदेही-वनवास- यह प्रबन्ध-काव्य है। आकार की दृष्टि से यह ग्रन्थ छोटा नहीं है, किन्तु इसमें ‘प्रियप्रवास’ जैसे काव्यत्व का अभाव है।

अयोध्यासिंह उपाध्याय ‘हरिऔध’ जी के इन ग्रन्थों में जाति-सेवा, देश-सेवा, समाज-सेवा तथा राष्ट्र-सेवा की भावनाएँ हिलोरे ले रही हैं। वास्तव में वे द्विवेदी युग की महान् विभूति थे। उनका काव्य ‘प्रियप्रवास’ तो इस दृष्टि से सदैव अमर रहेगा।

 

काव्यगत विशेषताएँ

अयोध्यासिंह उपाध्याय ‘हरिऔध’ जी के काव्य की भाव एवं कलापक्षीय विशेषताएँ निम्नलिखित हैं-

(अ) भावपक्षीय विशेषताएँ

(1) अयोध्यासिंह उपाध्याय ‘हरिऔध’ जी का दृष्टिकोण- हरिऔधजी की कविता में वर्तमान की शब्दावली में अतीत की अभिव्यक्ति हुई है। विद्यापति से लेकर ‘रत्नाकर’ तक हिन्दी के किसी भी कवि ने श्रीकृष्ण के चरित्र का वह आदर्श प्रस्तुत नहीं किया, जो हरिऔधजी ने ‘प्रियप्रवांस’ में प्रस्तुत किया है । इस ग्रन्थ में कवि ने भगवान् श्रीकृष्ण के परम्परागत रूप को नहीं अपनाया, वरन् वे साधारण मनुष्य के रूप में ही चित्रित किए गए हैं। देशप्रेम और कर्त्तव्यपरायणता के सामने व्यक्तिगत प्रेम को महत्त्वहीन दिखाकर कवि, ने राधा-कृष्ण को परहिताय और लोक-कल्याणकारी कार्यों में रत दिखाया है। राधा विश्व-प्रेम और सेवाभाव को अपनाती हैं दीन-दुःखियों की सेवा और विश्व-प्रेम की भावना कवि की मौलिक उद्भावना है। राधा ‘परहिताय’ की भावना के लिए आजीवन बिछोह-भावना को ही महत्त्वपूर्ण मानती हैं-

प्यारे जीवें, जग-हित करें, गेह चाहे न आवें।

(2) रस-योजना सम्बन्धी विशेषताएँ- ‘प्रियप्रवास’ विप्रलम्भ श्रृंगार पर आधारित ग्रन्थ है। इसमें आदि से अन्त तक वियोगजन्य करुणा का प्राधान्य है। प्रारम्भिक सरगों में कुछ क्षण के लिए संयोग शृंगार की झलक अवश्य मिलती है, किन्तु वह आगामी वियोग के लिए पृष्ठभूमि का कार्य कर रही है।

वियोग श्रृंगार की सरिता में सबसे गतिशील और तीव्र लहर वात्सल्य-भाव की प्रवाहित हो रही है। यह वात्सल्य नन्द, यशोदा, गोप-गोपीजन आदि के हृदयों हठात् झलकता हुआ प्रतीत होता है। मथुरा से नन्द बाबा के अकेले ही लौट आने पर व्याकुल यशोदा के विलाप में इतनी करुणा, कसक, वेदना एवं टीस भरी हुई है कि उसे सुनकर पत्थर-हृदय भी पिघल जाता है-

प्रिय पति, वह मेरा प्राणप्यारा कहाँ है?

दुख- जलधि निमग्ना का सहारा कहाँ है?

अब तक जिसको मैं देख के जी सकी हूँ।

वह हृदय हमारा, नैन-तारा कहाँ है?

इस वात्सल्य भाव के साथ ही राधा का वियोग भी हृदयद्रावक और मर्मस्पर्शी हैं। विरहिणी राधा वियोग की अग्नि में तपकर विरह की साकार प्रतिमा बन जाती हैं राधा जनसेवा एवं परोपकार के लिए सर्वस्व बलिदान करके अपने प्रिय के कार्य की चिर-सहचरी बन जाती हैं।

नि:सन्देह ‘प्रियप्रवास’ में रसों की गहनता के साथ-साथ विविध भावों की मार्मिक अभिव्यंजना भी हुई है।

(3) प्रकृति-चित्रण- प्रकृति-चित्रण की दृष्टि से हरिऔधजी ने भले ही नवीनता का समावेश न किया हो, फिर भी आधुनिककाल के कवियों में वे अपना विशिष्ट स्थान रखते हैं।  द्विवेदी युग के अन्य कवियों की अपेक्षा उनका प्रकृति-वर्णन अधिक विस्तृत और भावनाओं के अनुरूप हुआ है। प्रकृति-चित्रण के अन्तर्गत नूतन सौन्दर्य-बोध हमे सर्वप्रथम ‘प्रियप्रवास’ में ही मिलता है।

‘प्रियप्रवास’ की प्रकृति संवेदनात्मक अधिक है। कवि के अनुसार प्रकृति के क्रियाकलाप भी मानव-मनोभावों के अनुरूप ही होते हैं-

अहह अहह देखो दूटता है वह तारा,

पतन किसी दिलजले के गात का हो रहा है।

इसके अतिरिक्त अयोध्यासिंह उपाध्याय ‘हरिऔध’ जी ने प्रकृति-चित्रण की सभी प्रचलित पद्धतियों का प्रयोग करते हुए प्रकृति की सजीव झाँकियाँ अंकित की हैं, फिर भी अनेक स्थलों पर उनके प्रकृति-चित्रण में तल्लीनता, स्वाभाविकता और भावुकता का अभाव प्रतीत होता है।

(ब) कलापक्षीय विशेषताएँ

अयोध्यासिंह उपाध्याय ‘हरिऔध’ जी के कलापक्ष की मुख्य विशेषताएँ निम्नलिखित हैं-

(1) भाषा के विभिन्न रूप- हरिऔध जी ने अपने विभिन्न काव्य-ग्रन्थों में विभिन्न प्रकार की भाषा का प्रयोग किया है। उन्होंने एक ओर जहाँ सरल. मुहावरेदार, सुबोध तथा बोलचाल की भाषा का प्रयोग किया है, वहीं उनके काव्य में सरल, तत्सम शब्द प्रधान खडीबोली का प्रयोग भी हुआ है। ‘प्रियप्रवास’ और ‘पारिजात’ जैसे महाकाव्यों में संस्कृत की समासान्त क्लिष्ट पदावली का प्रयोग भी उन्होंने किया है ।

प्रियप्रवास’ की भाषा संस्कृतगर्भित खड़ीबोली है, किन्तु इसमें बोलचाल की भाषा का पुट भी है। जहाँ कवि ने ‘रूपोद्यान-प्रफुल्ल-प्रायकलिका, राकेन्दु-बिम्बावना’ जैसे संस्कृत समासान्त पदों की रचना की है, वहीं ‘अहह दिवस ऐसा हाय क्यों आज आया’ जैसी सरल, सुबोध, समासहीन एवं बोलचाल की भाषा का भी प्रयोग किया है।

(2) प्रभावी अलंकार-योजना- भावों के चित्रण, चमत्कार-प्रदर्शन एवं'” सौन्दर्य-निरूपण के लिए हरिऔध जी ने अलंकारों के यथोचित प्रयोग किए हैं। यद्यपि हरिऔधजी ने परम्परागत उपमानों का प्रयोग किया है, तथापि उनके प्रयोगों में नवीनता है और अलंकारो के कारण रस या भाव-निरूपंण में बाधा उत्पन्न नहीं हुई है।

प्रियप्रवास’ में शब्दालंकार और अर्थालंकार दोनों का प्रयोग हुआ है। उनमें भी सादृश्यमूलक (समान भाव से युक्त) अलंकारों का प्रयोग अधिक है। आकृति, भाव, गुण एवं रंग आदि की समता के लिए कवि ने उपमा अलंकार का सर्वाधिक प्रयोग किया है। इसी प्रकार उत्प्रेक्षा, रूपक, रूपकातिशयोक्ति, अपहुति, व्यतिरेक, सन्देह, स्मरण, प्रतीप, विषम, दृष्टान्त, निदर्शना, अर्थान्तरन्यास आदि अर्थालंकारों द्वारा कवि ने पात्रों के मनोभावों की सजीव एवं मार्मिक स्थितियाँ चित्रित की हैं।

(3) छन्द-विधान- ‘प्रियप्रवास’ में सर्वत्र वर्णिक छन्दों का प्रयोग हुआ है। अयोध्यासिंह उपाध्याय ‘हरिऔध’ जी ने हिन्दी-काव्य में नवीन क्रान्ति उत्पन्न करते हुए जहाँ कथानक के अन्तर्गत नवीन उद्भावना प्रकट की है, वहीं परम्परागत छन्दों के अन्तर्गत नवीन परम्परा का उद्बोध भी  किया है। उनका यह नवीन प्रयोग उनके परिश्रम तथा कार्य-कुशलता काद्योतक है।

 

हिन्दी-साहित्य में स्थान

काव्य के क्षेत्र में भाव, भाषा, शैली, छन्द एवं अलंकारों की दृष्टि से हरिऔधजी की काव्य-साधना महान् है । उन्हें हिन्दी का सार्वभौम कवि माना जाता है। उन्होंने खड़ीबोली व ब्रजभाषा तथा सरल-से-सरल एवं जटिल-से-जटिल भाषा में अपने काव्य की रचना की तथा भाव एवं भाषा दोनों ही क्षेत्रों में विलक्षण प्रयोग किए। भावों की दृष्टि से उनकी उद्भावनाएँ पूर्णतः मौलिक हैं तथा उनकी काव्य-कला मानव-मन को सहज ही अपनी ओर आकर्षित कर लेनेवाली है।

महत्वपूर्ण लिंक 

Disclaimersarkariguider.com केवल शिक्षा के उद्देश्य और शिक्षा क्षेत्र के लिए बनाई गयी है | हम सिर्फ Internet पर पहले से उपलब्ध Link और Material provide करते है| यदि किसी भी तरह यह कानून का उल्लंघन करता है या कोई समस्या है तो Please हमे Mail करे- sarkariguider@gmail.com

About the author

Kumud Singh

M.A., B.Ed.

Leave a Comment

(adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({});
close button
(adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({});
(adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({});
error: Content is protected !!